देश की खबरें | जी20 चतुर्थ शिक्षा कार्य समूह की बैठक 19 मई से पुणे में

नयी दिल्ली, 12 जून शिक्षा मंत्रालय 19 से 22 जून तक महाराष्ट्र के पुणे में जी20 चतुर्थ शिक्षा कार्य समूह एवं शिक्षा मंत्री स्तरीय बैठक का आयोजन करेगी जिसमें बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान सहित विभिन्न मुद्दों पर विचार किया जायेगा।

उच्च शिक्षा सचिव के संजय मूर्ति ने संवाददाताओं को बताया कि 19 से 21 जून तक जी20 चतुर्थ शिक्षा कार्य समूह की बैठक होगी जिसका विषय ‘‘ बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान सुनिश्चित करना, खासकर मिश्रित पठन-पाठन के संदर्भ में ’’ है। उन्होंने बताया कि 22 जून को शिक्षा मंत्रियों के स्तर की बैठक होगी।

उन्होंने बताया कि पूर्व की बैठकों की तरह, शिक्षा कार्य समूह की बैठक से पहले एक सेमिनार का आयोजन किया जाएगा जो बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान की प्राथमिकताओं वाले क्षेत्र पर आधारित होगी।

मूर्ति ने बताया कि अभी स्पेन, ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया, अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, चीन और ब्रिटेन आदि देशों ने सेमिनार के विषय और इसमें हिस्सा लेने पर रूचि दिखायी है।

उन्होंने बताया कि सेमिनार का विषय ‘‘ सुगम विज्ञान : गठजोड़ को बढ़ावा’’ होगा। इस सम्मेलन में वैज्ञानिक समुदाय से जुड़े सभी पक्षकार शामिल होंगे जो विज्ञान के क्षेत्र में सुगमता के लिए अच्छी पहल, भिन्न स्थानीय क्षमताओं के साथ अलग-अलग देशों में विज्ञान की पहुंच के बारे में चर्चा करेंगे।

उच्च शिक्षा सचिव ने सूचित किया कि शिक्षा संबंधी कार्य समूह की बैठक का समापन मंत्री स्तरीय एक बैठक के साथ होगी जिसमें हिस्सा लेने के लिए जी20 समूह के सदस्यों एवं देशों को आमंत्रित किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)