न्यूयॉर्क (अमेरिका), 18 अक्टूबर (एपी) फ्रांसीसी सीमेंट कंपनी लाफार्ज ने आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट (आईएस) को सीरिया में एक संयंत्र को चालू रखने के बदले में करोड़ों रुपये देने का दोष मंगलवार को स्वीकार कर लिया।
अमेरिकी न्याय विभाग ने इसे अपनी तरह का पहला मामला बताया है। कंपनी करीब 77.8 करोड़ डॉलर का जुर्माना भरने को भी राजी हो गई है।
अभियोजकों ने आरोप लगाया कि लाफार्ज ने आतंकी समूह की करतूतों पर पूरी तरह से आंख मूंदकर उसे 2013 और 2014 में धनराशि दी थी।
इस्लामिक स्टेट का सीरिया के बड़े हिस्से पर कब्जा था और उसके कुछ सदस्य पश्चिमी देशों के अपहृत किए गए नागरिकों को प्रताड़ित करने या उनका सिर कलम करने में शामिल थे।
न्यूयॉर्क शहर की एक संघीय अदालत में आरोप तय किए गए। फ्रांस के प्राधिकारियों ने भी इन आरोपों की जांच की है।
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY