देश की खबरें | इंग्लैंड भेजने का झांसा देकर जींद में साढ़े सात लाख रुपये की ठगी, मामला दर्ज

जींद, तीन मार्च हरियाणा में जींद जिले की पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर एक शख्स से साढ़े सात लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि इंग्लैंड भेजने का झांसा देकर साढ़े सात लाख रुपये हड़पने के आरोप में जुलाना पुलिस ने जगदीप नामक व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार लिजवाना कलां गांव निवासी ललित ने अपनी शिकायत में बताया कि वह इंग्लैंड जाने का इच्छुक था जिसके चलते उसने कैथल निवासी जगदीप से संपर्क कर अपने कागजात तथा साढ़े सात लाख रुपये उसे दिए।

शिकायत में दावा किया गया है कि एक साल बीत जाने के बाद भी वह इंग्लैंड नहीं जा सका तो उसने जगदीप से कागजात तथा रुपये वापस मांगे जिस पर उसने पीड़ित को दो चेक दिए।

पुलिस के अनुसार उसने बताया कि ये दोनों चेक बाउंस हो गए और उसने जब जगदीप से फोन पर संपर्क करना चाहा तो उसका फोन बंद आने लगा। शिकायत के मुताबिक, वह उसके कार्यालय पहुंचा तो उस पर भी ताला लगा मिला।

जुलाना थाने के जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि विदेश भेजने के नाम पर राशि हड़पने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी गई थी।

उन्होंने बताया कि फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

सं

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)