देश की खबरें | वंदे भारत मिशन का चौथा चरण: इंडिगो, एअर इंडिया, गोएयर 3 से 15 जुलाई तक विमानों का परिचालन करेंगी

नयी दिल्ली, 28 जून वंदे भारत मिशन के चौथे चरण के तहत तीन से 15 जुलाई तक एअर इंडिया 114, वहीं इंडिगो और गोएयर क्रमश: 457 और 41 विमानों का परिचालन करेंगी।

सरकार ने विदेशों में फंसे भारतीयों की वापसी के लिए छह मई को इस मिशन की शुरुआत की थी। वैसे भारत में अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ान सेवा कोरोना वायरस संक्रमण के कारण 23 मार्च से निलंबित है।

यह भी पढ़े | Gaurav Taneja-AirAsia India Row: गौरव तनेजा के आरोपों के बाद DGCA सख्त, एयर एशिया इंडिया को जारी किया कारण बताओ नोटिस.

पीटीआई को प्राप्त हुए एअर इंडिया के एक दस्तावेज के अनुसार, मिशन के चौथे चरण में वह कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन, केन्या, श्रीलंका, फिलीपीन, किर्गिस्तान, सऊदी अरब, बांग्लादेश, थाइलैंड, दक्षिण अफ्रीका, रूस, ऑस्ट्रेलिया, म्यामां, जापान, यूक्रेन और वियतनाम समेत 17 देशों से भारत के लिए 114 उड़ानों का परिचालन करेगी।

ये उड़ानें तीन जुलाई से 15 जुलाई के बीच संचालित होंगी।

यह भी पढ़े | तेलंगाना में आज कोरोना के 983 नए मामले आए सामने, 4 की मौत : 28 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

दस्तावेज के अनुसार, 31 उड़ानें अमेरिका से और 19 उड़ानें ब्रिटेन से भारत के लिए संचालित होंगी।

इससे पहले एअर इंडिया के एक दस्तावेज में कहा गया था कि वह 17 देशों से कुल 170 उड़ानों का परिचालन करेगी।

इंडिगो और गोएयर जैसी निजी एयरलाइन्स भी मिशन के चौथे चरण में बड़ी भूमिका निभाएंगी।

नागर विमानन मंत्रालय ने रविवार शाम को एक ट्वीट में कहा, ‘‘निजी एयरलाइन्स वंदे भारत मिशन के चौथे चरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इंडिगो कतर से 238 और कुवैत से 219 उड़ानों का संचालन करेगी, वहीं गोएयर कुवैत से 41 उड़ानों का परिचालन करेगी। निजी विमानन कंपनियों और उड़ानों तथा गंतव्यों की संख्या बढ़ सकती है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)