देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर में सड़क हादसे में चार लोगों की मौत

श्रीनगर, 23 मार्च जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में श्रीनगर-सोनमर्ग मार्ग पर रविवार को एक बस और टैक्सी की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई तथा 17 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि हादसा गुंड इलाके में हुआ और दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान लेशिया आशीष, निक्की आशीष और हेतल आशीष के रूप में हुई है। ये सभी महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।

उन्होंने बताया कि स्थानीय चालक फहीम अहमद की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दुर्घटना में हुई मौतों पर दुख व्यक्त किया है।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अपने शोक संदेश में कहा, "आज गांदरबल में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ है।"

उन्होंने कहा, "दुख की इस घड़ी में मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"

अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, ‘‘गुंड कांगन के निकट राजमार्ग पर हुए दुखद सड़क हादसे से बहुत दुखी हूं, जिसमें कई लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। अधिकारी हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)