देश की खबरें | अरुणाचल प्रदेश राजभवन में मनाया गया गुजरात और महाराष्ट्र का स्थापना दिवस

ईटानगर, एक मई अरुणाचल प्रदेश राजभवन में सोमवार को गुजरात और महाराष्ट्र का स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर अरुणाचल के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के. टी. परनाइक और उनकी पत्नी अनघा परनाइक मौजूद रहे।

राज्यपाल ने देश के विभिन्न हिस्सों से अरुणाचल प्रदेश में सेवारत लोगों के बीच भाईचारे को बढ़ावा देने और उसे मजबूत करने के लिए राजभवन में उनके राज्यों का स्थापना दिवस मनाने की पहल की है।

महाराष्ट्र और गुजरात एक समय बंबई प्रांत के हिस्से थे। वे एक मई, 1960 को नए राज्य बने।

राजभवन की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक सरकारी अधिकारियों, व्यापारियों, सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों में काम करने वाले लोगों और सशस्त्र बलों के सदस्यों सहित गुजराती और मराठी समुदायों के लोगों ने अपने परिवारों के साथ इस समारोह में भाग लिया।

इस कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों ने अपने अनुभव साझा किए। परनाइक ने गुजराती और मराठी समुदायों को उनके राज्य के स्थापना दिवस पर बधाई दी और प्रत्येक सदस्य को शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल ने कहा कि अन्य राज्यों के स्थापना दिवस समारोह का उद्देश्य बाहर के लोगों को स्थानीय आबादी के साथ जोड़ना और भाईचारे का संबंध स्थापित करना है, और इस प्रकार 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' के दृष्टिकोण को साकार करने में मदद करना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)