कुरुक्षेत्र, 13 दिसंबर कांग्रेस की हरियाणा इकाई के पूर्व अध्यक्ष डॉ. राम प्रकाश का बुधवार को यहां उनके आवास पर निधन हो गया। परिवार के करीबी लोगों ने यह जानकारी दी।
वह 84 वर्ष के थे।
हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री और राज्यसभा के पूर्व सदस्य प्रकाश कुछ समय से बीमार थे।
उनका दोपहर में यहां अंतिम संस्कार किया गया। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता एचएस चट्ठा और अशोक अरोड़ा एवं जननायक जनता पार्टी (जजपा) नेता ईश्वर सिंह ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।
प्रकाश 1991 से 1994 तक पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत भजनलाल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में विज्ञान और तकनीकी शिक्षा मंत्री थे।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रकाश के निधन पर शोक व्यक्त किया।
हुड्डा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “ मेरे करीबी मित्र, पूर्व सांसद एवं कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. रामप्रकाश जी के निधन से मुझे व्यक्तिगत क्षति हुई है। वे बेहद सरल, मिलनसार और मृदुभाषी थे एवं जनहित के कार्यों के प्रति सदा तत्पर रहते थे।”
उन्होंने कहा, “दिवंगत पुण्यात्मा को सादर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। परिवारजनों व समर्थकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। भगवान से प्रार्थना है कि शोकाकुल परिवार को यह असीम कष्ट सहने का संबल प्रदान करें।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY