छत्रपति संभाजीनगर, सात फरवरी कांग्रेस के एक पूर्व विधानपरिषद सदस्य को एक सहकारी बैंक से 97.4 करोड़ रुपये का गबन करने के आरोप में शुक्रवार को यहां गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के एक अधिकारी ने बताया कि यहां की एक अदालत ने विधानपरिषद के पूर्व सदस्य (एमएलसी) सुभाष जांबड को 12 फरवरी तक हिरासत में भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि अजंता शहरी सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष जांबड पर 2006 से 2023 के बीच 97.4 करोड़ रुपये की हेराफेरी करने के आरोप में दो मामले दर्ज किए गए थे।
अधिकारी ने बताया, ‘‘शुरुआती गबन की रकम 97.41 करोड़ रुपये थी। मिलान के बाद यह रकम घटकर 67 करोड़ रुपये रह गई। हमने उन्हें सिडको इलाके में उनके घर से गिरफ्तार किया और अदालत में पेश किया। उन्हें 12 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।’’
उन्होंने बताया कि जांबड के खिलाफ अक्टूबर 2023 में मामला दर्ज किया गया था और बाद में आरोपी ने अग्रिम जमानत के लिए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन न्यायालय ने इसे खारिज कर दिया था।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी करीब 15 महीने से फरार था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY