देश की खबरें | नोएडा में संपत्ति के लिए पूर्व आईआईएस अधिकारी ने वकील पत्नी की हत्या की, गिरफ्तार

नोएडा (उप्र), 11 सितंबर नोएडा के सेक्टर-30 में रहने वाली एक महिला अधिवक्ता की रविवार को हुई हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को उनके पति को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी नितिन नाथ सिन्हा (62) सेक्टर-30 स्थित कोठी को बेचना चाह रहे थे, जिसका पत्नी रेणु सिन्हा विरोध कर रही थीं। इस वजह से उन्होंने पत्नी की कथित तौर पर हत्या की।

सिन्हा भारतीय सूचना सेवा (आईआईएस) के पूर्व अधिकारी हैं। स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद वह एक अमेरिकन कंपनी में भी काम कर चुके हैं।

पुलिस ने बताया कि 61 वर्षीय रेणु सिन्हा का शव घर के बाथरूम में लहूलुहान हालत में मिला था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या करने के बाद आरोपी उसी मकान में छुप गया था।

अधिकारियों ने बताया कि पत्नी की हत्या करने के बाद भी आरोपी ने प्रॉपर्टी डीलर को बुलाकर बेचने के लिए मकान दिखाया था। शाम को मृतका के भाई की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद किया था।

पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) हरिश चंदर ने बताया कि रेणु सिन्हा उच्चतम न्यायालय की अधिवक्ता थीं। मामले का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की तीन टीम गठित की गई थीं।

डीसीपी ने बताया कि 61 वर्षीय रेणु सिन्हा सेक्टर-30 के डी-ब्लॉक स्थित कोठी में पति नितिन नाथ सिन्हा के साथ रहती थीं। उनका बेटा अमेरिका में नौकरी कर रहा है और साल में एक से दो बार ही नोएडा आता है।

पुलिस के मुताबिक, रेणु के भाई ने रविवार को कई बार बहन को फोन किया। कॉल रिसीव नहीं होने पर वह अपने साथी संग रेणु के घर पहुंचा। घर में ताला लगा हुआ था, और लाइट जल रही थी। अनहोनी की आशंका में भाई ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस की टीम के मौके पर पहुंचने के बाद जब घर का ताला तोड़ा गया तो रेणु का शव बाथरूम में पड़ा हुआ था।

चंदर ने बताया कि मामले की जांच कर रही पुलिस ने मृतका अधिवक्ता के पति को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किया गया तकिया भी बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, प्रॉपर्टी बेचने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने पत्नी को धक्का दे दिया तथा तकिए से मुंह दबाकर हत्या की।

पुलिस ने बताया कि शव को बाथरूम में रखकर आरोपी अपने घर की दूसरी मंजिल पर स्थित ‘स्टोर रूम’ मे छुप गया था। इसी बीच, उसने एक प्रॉपर्टी डीलर को बुलाकर मकान बेचने के लिए भी दिखाया था। आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया था। जब पुलिस ने पूरे घर की तलाशी ली, तो आरोपी पुलिस को अपने घर पर मिला।

सं

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)