जरुरी जानकारी | वन निगम के कर्मचारियों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा: मुख्यमंत्री

शिमला, 13 सितंबर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को वन निगम के कर्मचारियों को एक जनवरी, 2022 से तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता देने को मंजूरी दे दी।

हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम के निदेशक मंडल की 213वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए सुक्खू ने निगम के उन पात्र कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने को भी मंजूरी दे दी, जिन्होंने दिहाड़ी श्रमिकों के रूप में चार साल की सेवा पूरी कर ली है।

बुधवार को जारी एक बयान के अनुसार, निदेशक मंडल ने वर्ष 2022-23 के लिए निगम के कर्मचारियों को बोनस देने का फैसला किया है, जिससे लगभग 253 कर्मचारियों को फायदा होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वन निगम को मजबूत कर इसे आत्मनिर्भर एवं लाभकारी संगठन बनाने में पूरा सहयोग देगी।

उन्होंने कहा कि वन निगम में कर्मचारियों की कमी की समस्या को दूर करने के लिए 100 वन मित्रों की नियुक्ति की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)