देश की खबरें | कोलकाता से नागपुर भेजा जा रहा 1.65 करोड़ रुपये का विदेशी सोना पकड़ा गया, एक तस्कर गिरफ्तार

इंदौर(मध्यप्रदेश), 20 जनवरी राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तस्करी का 1.65 करोड़ रुपये मूल्य का 3.33 किलोग्राम विदेशी सोना पकड़ा है और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह तस्कर सोने की इस खेप को ट्रेन के जरिये कोलकाता से नागपुर ले जा रहा था।

डीआरआई की बृहस्पतिवार को जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

विज्ञप्ति के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर रायपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की मदद से एक मुसाफिर की तलाशी ली गई, तो उसके पास कुल 3.33 किलोग्राम वजन वाले सोने के बिस्किट मिले जिन पर लगी छाप से इनके विदेश में बने होने का पता चला।

विज्ञप्ति में बताया गया कि विदेशी सोने की इस अवैध खेप को तस्कर उसकी कमर पर बंधे कपड़े के पट्टे में छिपा कर ले जा रहा था और इसे वस्त्रों के अंदर शातिर तरीके से छिपाया गया था।

विज्ञप्ति के मुताबिक, विदेशी सोने की तस्करी के मामले में पांच लोगों के गिरोह की भूमिका भी सामने आई है। विज्ञप्ति में बताया गया कि यह गिरोह पहले भी बड़े पैमाने पर विदेशी सोने की तस्करी कर चुका है और हवाला के जरिए धन का लेन-देन करता था।

विज्ञप्ति में यह भी बताया गया कि डीआरआई खुफिया सूचनाओं के आधार पर पश्चिम बंगाल के उन गिरोहों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है जो बांग्लादेश सीमा के क्षेत्र में विदेशी सोने की तस्करी कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)