नयी दिल्ली, 24 मई कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर खुद को मजबूत बनाने तथा उदयपुर चिंतन शिविर में किये गए फैसलों के क्रियान्वयन के मकसद से मंगलवार को आठ सदस्यीय "कार्य बल-2024" का गठन किया, जिसमें पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा समेत कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।
साथ ही, आठ सदस्यीय राजनीतिक मामलों का एक समूह गठित किया गया, जिसकी अगुवाई कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी करेंगी। कांग्रेस की दो अक्टूबर से प्रस्तावित "भारत जोड़ो यात्रा" के समन्वय के लिए केंद्रीय योजना समूह का भी गठन किया गया है।
पार्टी के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष ने इन महत्वपूर्ण समूहों का गठन किया।
कार्यबल के गठन के कुछ घंटों के भीतर ही कांग्रेस के मुख्यालय में इसकी पहली बैठक भी हुई जिसमें प्रियंका गांधी, पी चिदंबरम, जयराम रमेश और कुछ अन्य नेता शामिल हुए।
इस बैठक के बाद कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों और अगले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कार्यबल और समूहों का गठन किया गया है।
उन्होंने बताया, ‘‘यह कार्यबल हर 48 से 72 घंटे में मिलेगा और जरूरत पड़ी तो कई दिन लगातार चर्चा करेगा। उदयपुर नवसंकल्प में शामिल सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए इस कार्यबल को अधिकृत किया गया है। हम उन सभी मुद्दों पर चर्चा करेंगे और फिर ब्लूप्रिंट तैयार कर कांग्रेस नेतृत्व और कांग्रेस कार्य समिति के समक्ष रखेंगे ताकि तेजी से कार्रवाई हो सके।’’
‘‘कार्य बल-2024’’ में पार्टी के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम, मुकुल वासनिक, जयराम रमेश, प्रियंका गांधी वाद्रा, के. सी. वेणुगोपाल, अजय माकन, रणदीप सुरजेवाला और चुनाव रणनीतिकार सुनील कानगोलू शामिल हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY