देश की खबरें | तमिलनाडु में पटाखा कारखाने में विस्फोट में पांच महिलाओं की मौत, मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

मदुरै (तमिलनाडु), 23 अक्टूबर तमिलनाडु के मदुरै में शुक्रवार को एक निजी पटाखा फैक्टरी में विस्फोट में कम से कम पांच महिलाओं की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने प्रारंभिक जांच के हवाले से बताया कि रसायनों को मिलाते समय घर्षण के चलते आग लग गई, जिससे सिलसिलेवार धमाके हुए और मुरुगानेरी गांव में स्थित फैक्टरी क्षतिग्रस्त हो गई है।

यह भी पढ़े | दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 4,086 नए मामले आए सामने, संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,48,404 हुई, अब तक 6,189 मरीजों की मौत: 23 अक्टूबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और मृतकों के परिजन को दो-दो लाख रुपए अनुग्रह राशि के रूप में देने की घोषणा की।

पुलिस ने कहा कि कई कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। अग्निशमन विभाग की विरुधुनगर और श्रीविल्लीपुतूर इकाईयों की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।

यह भी पढ़े | कोरोना से जंग में राजस्थान बना मिसाल, सीएम अशोक गहलोत और स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा के एक्शन से धीमी पड़ी संक्रमण की रफ्तार.

पलानीस्वामी ने चेन्नई में एक बयान में कारखाना मालिकों से सभी सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने का आग्रह किया और जिलाधिकारियों को ऐसे स्थानों की समय-समय पर समीक्षा करने और कामगारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने गंभीर रूप से झुलसे लोगों को एक लाख रुपये देने की घोषणा की । हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि कितने लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

पलानीस्वामी ने राजस्व मंत्री आर बी उदय कुमार और जिलाधिकारी टी जी विनय को बचाव कार्य की निगरानी करने और पीड़ित परिवारों से मिलने का निर्देश दिया।

द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए सरकार से दिवाली से पहले पटाखा फैक्टरियों में सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने मृतकों के परिजन को पर्याप्त मुआवजा देने की भी मांग की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)