खेल की खबरें | अंतरराष्ट्रीय मास्टर वंतिका सहित पांच महिला शतरंज खिलाड़ी फेलोशिप अनुदान के लिए चुनी गईं

हैदराबाद, 22 अप्रैल अंतरराष्ट्रीय मास्टर वंतिका अग्रवाल और चार अन्य उभरती हुई शतरंज खिलाड़ियों को मंगलवार को 64 स्क्वेयर्स द्वारा एक करोड़ रुपये के फेलोशिप अनुदान के लिए चुना गया।

यह कई संगठनों की एक संयुक्त पहल है जिसका उद्देश्य भारत में महिलाओं के खेल के कद को बढ़ावा देना है।

‘64 स्क्वेयर्स’ हैदराबाद स्थित प्रवाह फाउंडेशन और शतरंज स्टार्टअप एमजीडी1 की संयुक्त पहल है।

इस पहल से पांच खिलाड़ियों को मदद मिलेगी जिनमें अंतरराष्ट्रीय मास्टर वंतिका, महिला फिडे मास्टर शुभी गुप्ता, महिला फिडे मास्टर चारवी अनिलकुमार के साथ ही उभरती प्रतिभाएं महिला अंतरराष्ट्रीय मास्टर सरयू वेलपुला और महिला अंतरराष्ट्रीय मास्टर साहिती वर्षिणी शामिल हैं।

इस पहल के जरिए खिलाड़ियों की ट्रेनिंग, टूर्नामेंट में भागीदारी और अनुभव दिलाने का खर्च एक साल तक उठाया जाएगा।

इस पहला की शुरुआती लाभार्थियों में अर्जुन पुरस्कार विजेता वंतिका भी शामिल थीं जिन्हें 2023 में भी अनुदान के लिए चुना गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)