देश की खबरें | ओडिशा में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत, छह घायल

भुवनेश्वर, 18 सितंबर ओडिशा के कटक और पुरी जिलों में सोमवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

कटक जिले में हुई सड़क दुर्घटना में चार लोगों जबकि पुरी जिले में हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

कटक जिले के अथागढ़ क्षेत्र के नुआसड़क में पांच दोस्त एक कार में यात्रा कर रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से कार की टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

टिगिरिया थाने के प्रभारी निरीक्षक ज्ञान रंजन सामल ने कहा कि दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति को चोट आई है।

उन्होंने कहा कि घायल व्यक्ति को एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

पुलिस ने कहा कि ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया और वाहन जब्त कर लिया गया है।

पुरी जिले से आई एक खबर में कहा गया है कि पुरी-कोणार्क मरीन ड्राइव रोड पर राज्य परिवहन निगम की बस और एक कार के बीच आमने-सामने हुई टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “कार में सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पांच घायल गंभीर हैं। बस चालक की हालत भी गंभीर है। दुर्घटना के बाद वाहन सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया था।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)