देश की खबरें | फिरोजाबाद में नकली नोट छापने वाले गिरोह के पांच गिरफ़्तार, दो लाख 97 हजार जाली मुद्रा बरामद

पुलिस ने फैक्ट्री का संचालन करने वाले मास्टरमाइंड तथा 25 हजार रुपये के इनामी वांछित समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 2,97,100 के नकली नोट बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) आशीष तिवारी ने पत्रकारों को बताया कि इस नकली नोट छापने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड तेजिंदर पर 25 हज़ार रुपये का इनाम था और दिल्ली तिहाड़ जेल में भी वह निरुद्व रहा है।

तिवारी ने बताया कि जेल से रिहा होने के बाद तेजिंदर नकली नोट छापने के धंधे में सक्रिय हो गया और विकास उर्फ विक्की बौक्सर उसके साथ शामिल हुआ जो पहले भी नकली नोटों के कारोबार में जेल जा चुका है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने तेजिंदर, विकास और विक्रम सिंह जादौन समेत पांच लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया है।

अधिकारी ने बताया कि इनके पास से नकली नोट बनाने वाले कंप्यूटर प्रिंटर एवं अन्य उपकरण भी बरामद किए गये हैं।

एसपी ने कहा कि आरोपियों के ख़िलाफ़ गैंगस्टर एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अन्य जिलों में इस गिरोह के लोगों की तलाश की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)