देश की खबरें | असम में पहला वाई 20 सम्मेलन शुरू

गुवाहाटी, छह फरवरी प्रभावशाली वैश्विक समूह जी 20 की युवा शाखा वाई 20 की पहली बैठक की शुरूआत असम में सोमवार को हुयी, जिसका उद्देश्य युद्ध एवं शांति, जलवायु परिवर्तन तथा रोजगार सृजन जैसे पांच महत्वपूर्ण विषयों पर एक मसौदा ‘श्वेत पत्र’ प्रकाशित करना है।

केंद्रीय युवा मामलों एवं खेल मंत्रालय की सचिव एम राजीवलोचन ने कहा कि तीन दिन तक चलने वाले इस सम्मेलन में 300 प्रतिनिधि शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इसमें 20 विदेशी सदस्य भी शिरकत करेंगे, जो सदस्य देशों से होंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘सम्मेलन के दौरान प्रतिनिधि पांचों विषयों पर अपने विचार रखेंगे। इसका आयोजन गुवाहाटी स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान एवं रेडीसन ब्लू होटल में हो रहा है। इस साल देशभर में 17 ऐसी बैठकें होंगी और गुवाहाटी में हो रही बैठक पहली है।’’

गुवाहाटी में होने वाली ‘शुरूआती बैठक’ में पांच विषय होंगे, जिनमें शांति निर्माण और सुलह: युद्ध रहित युग की शुरुआत, काम का भविष्य: उद्योग 4.0, नवाचार एवं 21वीं सदी के कौशल, जलवायु परिवर्तन तथा आपदा जोखिम में कमी: स्थिरता को जीवन का एक तरीका बनाना शामिल है ।

राजीवलोचन ने यह भी कहा कि इस बैठक के आखिरी दिन केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर तथा असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की उपस्थिति में पांचों विषयों पर एक मसौदा ‘श्वेत पत्र’ जारी किया जाएगा।

असम के कौशल विकास विभाग के प्रधान सचिव कल्याण चक्रवर्ती ने कहा कि अंतिम दिन पांचों विषयों पर पांच शोध पत्र पेश किये जायेंगे ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)