जोहानिसबर्ग, 19 सितंबर दक्षिण अफ्रीका से 12 चीतों के एक जत्थे के अगले महीने भारत पहुंचने की संभावना है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भारत में चीता विलुप्त हो चुके हैं, इसलिए विदेश से चीतों को लाने की महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत यह कदम उठाया जा रहा है।
दक्षिण अफ्रीका के वन्यजीव विशेषज्ञों का एक दल शुक्रवार को भारत से स्वदेश लौटा। भारत में इस दल ने उस स्थान का निरीक्षण किया, जहां इन चीतों को रखा जाएगा ।
अधिकारियों ने बताया कि लिंपोपो प्रांत में वन्यजीव पशु चिकित्सक डॉ. एंडी फ्रेजर द्वारा चलायी जा रही रूइबर्ग वेटेनरी सर्विसेज में नौ चीतों को पृथक-वास में रखा गया है, जबकि तीन अन्य को क्वाजुलु -नटाल प्रांत के फिंडा गेम अभयारण्य में पृथक- वास में रखा गया है।
फ्रेजर ने बताया कि अगले महीने चीतों को भारत ले जाये जाने की संभावना है तथा वह एवं दक्षिण अफ्रीका के चीता विशेषज्ञ प्रोफेसर एड्रियन टॉरडिफ भी साथ जायेंगे।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि अक्टूबर में किस तारीख को दक्षिण अफ्रीका से ये चीते भारत भेजे जाएंगे। उससे पहले, अगले ही हफ्ते नामीबिया से आठ चीते भारत भेजे जाने की संभावना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY