विदेश की खबरें | टेक्सास में लकड़ी का सामान बनाने वाली कम्पनी में गोलीबारी, एक कर्मचारी की मौत, पांच अन्य घायल

ब्रयान शहर की पुलिस ने एक बयान में बताया कि टेक्सास के लोला शहर के लैरी विंस्टन बोलिन (27) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जेल के रिकॉर्ड के अनुसार, बोलिन पर हत्या का आरोप लगाया गया है। जेल रिकॉर्ड में बोलिन के लिए कोई वकील सूचीबद्ध नहीं किया गया है।

ब्रयान के प्रमुख एरिक बुस्के ने पत्रकारों को बताया कि उनका मानना है कि संदिग्ध बंदूकधारी ‘केंट मूर कैबिनेट्स’ कम्पनी का कर्मचारी था।

उन्होंने बताया कि जांचकर्ताओं का मानना है कि उसने अकेले ही घटना को अंजाम दिया। हमला देर रात करीब ढाई बजे किया गया था। अधिकारियों के घटनास्थल पहुंचने से पहले हमलावर वहां से फरार हो गया था।

टेक्सास के जन सुरक्षा विभाग ने ट्वीट किया कि घायल हुए पांच में से दो लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन अन्य लोगों की हालत गंभीर लेकिन स्थिर है। संदिग्ध को पकड़ते समय एक कर्मी भी गंभीर रूप से घायल हो गया, उसकी भी हालत गंभीर लेकिन स्थिर है।

ग्रिम्स काउंटी के शेरिफ डॉन सॉवेल ने बताया कि हमले के करीब दो घंटे बाद संदिग्ध हमलावर को ब्रयान के उत्तर-पूर्व में 40 किलोमटीर दूर एक छोटे शहर बेडियस से गिरफ्तार किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि जांचकर्ता हमला करने के कारण का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

पुलिस ने लोगों से फिलहाल घटनास्थल से दूर रहने को कहा है।

कम्पनी की वेबसाइट के अनुसार, ‘केंट मूर कैबिनेट्स’ कम्पनी कैबिनेट बनाती है, उसके यहां 600 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं।

‘केंट मूर कैबिनेट्स’ के ब्रायन मुख्यालय में फोन किया गया, जिसे एक महिला ने उठाया। उसने कहा कि वह गोलीबारी के संबंध में कोई जानकारी मुहैया नहीं कर सकती।

टेक्सासा के गवर्नर ग्रेग अबॉट ने गोलीबारी का शिकार हुए लोगों और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)