देश की खबरें | बीआरडी मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन वार्ड में लगी आग; कोई हताहत नहीं

गोरखपुर (उत्तर प्रदेश), 28 जुलाई गोरखपुर के बाबा राघव दास (बीआरडी) मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन वार्ड में कल रात भीषण आग लग गई, हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग ने आग पर दो घंटों में काबू पा लिया था। एक प्रशासनिक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े दस बजे मेडिकल कालेज के मेडिसिन वार्ड नंबर-14 में भीषण आग लग गई। उन्होंने बताया कि घटना के वक्त वार्ड में 58 मरीज भर्ती थे जिनमें से 12 मरीज आईसीयू वेंटिलेटर पर थे।

सूचना पाकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और दो दमकल गाड़ियों की मदद से दो घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि सभी मरीजों को सुरक्षित दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है और घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश ने कहा, ‘‘आशंका है कि मेडिसिन वार्ड के इलेक्ट्रिक बोर्ड में शॉर्ट-सर्किट के कारण आग लगी है। घटना के असली कारणों का पता लगाने के लिए मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) और इलेक्ट्रिकल्स सुरक्षा अधिकारियों की एक जांच समिति गठित की गई है।’’

उन्‍होंने बताया कि मरीजों को वार्ड नंबर-11 में स्थानांतरित कर दिया गया है और घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य गणेश कुमार ने बताया कि आग लगने के तुरंत बाद एहतियात के तौर पर वार्ड की बिजली काट दी गई थी ताकि आग और ना फैले।

कुमार ने कहा कि कभी-कभी मेडिसिन वार्ड में मरीजों की संख्या उपलब्ध बिस्तरों से ज्यादा हो जाती है, ऐसे में उनके लिए जमीन पर गद्दे डाले जाते हैं। उन्होंने बताया कि इन गद्दों को स्टोर में रखा गया था, जिसके कारण वार्ड में धुआं भर गया।

उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसा घटनाओं से बचने के उपाय सुझाने के लिए एक समिति गठित की गई है।

प्रधानाचार्य ने कहा कि असपताल में फिल्हाल कोई विशेष दमकल कर्मी तैनात नहीं है लेकिन भविष्य में ऐसे कर्मचारी की तैनाती के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

प्रधानाचार्य से जब वार्ड में एक व्यक्ति की मौत होने के संबंध में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उक्त व्यक्ति की मृत्यु बीमारी से हुई है और उसका आग लगने की घटना से कोई संबंध नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)