देश की खबरें | दिल्ली में चार टेंट गोदामों में लगी आग

नयी दिल्ली, छह अगस्त दक्षिणी दिल्ली के जौनपुर इलाके में मंगलवार तड़के चार टेंट गोदामों में भीषण आग लग गई। इस आग में वहां खड़ी चार 'विंटेज' कार और करोड़ों रुपये का सजावटी सामान जलकर खाक हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि विंटेज (पुरानी) कारों का इस्तेमाल शादियों और अन्य समारोहों में किया जाता था।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘मंगलवार तड़के करीब दो बजे चार टेंट गोदामों में आग लगने की सूचना मिली और 10 दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया।’’

उन्होंने बताया कि घटना में गोदाम के पास खड़ी चार पुरानी कार और सजावट का सामान जलकर खाक हो गया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘शीतलन प्रक्रिया चल रही है।’’

दो गोदामों के मालिक अमृत पाल सिंह ने कहा, ‘‘मुझे रात करीब दो बजे आग लगने की सूचना मिली। मैं तुरंत मौके पर पहुंचा। यहां मेरे दो गोदाम हैं, जिनमें शादी समारोहों में इस्तेमाल होने वाले सजावट के सामान रखे हुए थे।’’

उन्होंने कहा कि उनके कर्मचारियों ने गोदाम से जाने से पहले सभी बिजली उपकरण बंद कर दिए थे।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे अब तक के आकलन के अनुसार, आग में ढाई करोड़ रुपये मूल्य का सामान खाक हो गया। सटीक राशि की जानकारी के लिए ‘रिकॉर्ड’ की जांच करूंगा।’’

गोदाम के कर्मचारी राम तीरथ ने बताया कि जैसे ही उसे आग लगने की जानकारी मिली, वह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और अग्निशमन विभाग तथा पुलिस को सूचना दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)