नयी दिल्ली, 15 जुलाई मध्य दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके के एक रेस्तरां में शुक्रवार सुबह आग लग गई। दमकल विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कनॉट प्लेस में बाहरी सर्कल के ‘हाई-फाई’ रेस्तरां में आग लगने की सूचना तड़के पांच बजकर 32 मिनट पर मिली, जिसके बाद दमकल की छह गाड़ियां घटनास्थल पर रवाना की गईं और आग पर सुबह छह बजकर 35 मिनट पर काबू पा लिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
उन्होंने बताया कि आग सबसे पहले रेस्तरां में पहली मंजिल पर स्थित बार के फर्नीचर में लगी।
पुलिस के अनुसार, रेस्तरां में सो रहे तीन कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे और घटना में किसी को कोई भी नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि, रेस्तरां में मौजूद ज्यादातर फर्नीचर और सामान नष्ट हो गया।
पुलिस उपायुक्त (नयी दिल्ली) अमृता गुगुलोथ ने कहा, “पहली मंजिल से शुरू होकर आग दूसरी मंजिल पर पहुंची और फिर पूरे रेस्तरां को अपनी जद में ले लिया। आग के लिए संभवत: शॉर्ट सर्किट जिम्मेदार हो सकता है। दमकल विभाग की रिपोर्ट का इंतजार है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY