देश की खबरें | द्वारका में दो आवारा कुत्तों को मार डालने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज

नयी दिल्ली, 29 दिसंबर दिल्ली में द्वारका के सेक्टर-9 इलाके में दो आवारा कुत्तों को मार डालने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

यह मामला तब सामने आया जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कथित घटना की जानकारी देने वाले एक फेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट ट्विटर पर साझा किया।

स्क्रीनशॉट में दो कुत्तों की कथित तस्वीरें भी दिखाई गईं हैं। इनमें से एक पेड़ से लटका हुआ नजर आ रहा है, जबकि दूसरा जमीन पर पड़ा है। फेसबुक पोस्ट में दावा किया गया है कि यह घटना मंगलवार शाम की है।

अभिषेक मनु सिंघवी ने ट्वीट किया, ‘‘यह घटना अविश्वसनीय है। ऐसा करने के बारे में कोई कैसे सोच सकता है, ऐसा करना तो दूर की बात है, यह अकल्पनीय है। तर्क कहता है नहीं, लेकिन दिल की आवाज कहती है कि इसे अंजाम देने वालों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। ’’

द्वारका क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त हर्षवर्धन ने कहा कि द्वारका सेक्टर-9 के एक सुनसान पार्क में आवारा कुत्तों को मारने के संबंध में बुधवार को एक शिकायत मिली थी।

पुलिस उपायुक्त हर्षवर्धन ने कहा, ‘‘द्वारका दक्षिण थाने में बुधवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 429 (जानवर को मारने या अपंग बनाने) के तहत मामला दर्ज किया गया। मृत जानवरों का पोस्टमार्टम कराया गया। आरोपितों की पहचान करने तथा उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)