पोरबंदर, 18 अगस्त गुजरात के पोरबंदर जिले में बरडा पर्वत के संरक्षित जंगल में गुजरात वन विभाग की एक महिला गार्ड सहित तीन व्यक्ति मृत मिले। यह जानकारी पुलिस ने मंगलवार को दी।
पोरबंदर के पुलिस अधीक्षक रवि मोहन सैनी ने बताया कि बीट गार्ड हेतल सोलंकी (30), उसके पति कीर्ति और वन विभाग के दिहाड़ी मजदूर नागाभाई अगाथ के शव सोमवार को एक खोज अभियान के दौरान जंगल से मिले।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दम्पति के परिवार ने गत 16 अगस्त को उनके लापता होने की एक शिकायत भगवदर पुलिस थाने में दर्ज करायी थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद उनका पता लगाने के लिए एक अभियान शुरू किया गया था।
सैनी ने कहा, ‘‘गत 15 अगस्त को वन में जाने के बाद उनका कोई पता नहीं चल रहा था। हमें शव सोमवार को मिले जिन पर बाहरी चोट के निशान हैं। हम मौत के कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।’’
एक विज्ञप्ति के अनुसार, तीनों ‘‘बरडा वन में अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए’’ 15 अगस्त की दोपहर में वन में गए थे।
हेतल का पति वन विभाग से जुड़ा हुआ नहीं था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY