देश की खबरें | खेत में गये किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

जींद, एक फरवरी हरियाणा के जींद जिले के पिल्लूखेड़ा मंडी निवासी एक किसान की खेत में फसलों में पानी देते समय संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि ठंड के कारण उसकी मौत हुई है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मरने वाले की पहचान रामनिवास (64) के तौर पर की गयी है और वह बुधवार की रात को खेत में पानी देने गया था। उन्होंने बताया कि सुबह घर नहीं आने पर जब परिजन उसे खेत में देखने के लिए पहुंचे तो वह पराली के ढेर के पास पड़ा मिला ।

उन्होंने बताया कि इसके बाद परिजन उसे जींद के सिविल अस्पताल लेकर गये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पिल्लूखेड़ा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है ।

मृतक के भाई सत्यवान का कहना है कि ठंड की चपेट में आने से रामनिवास की मौत हुई है, क्योंकि रात को ठंड ज्यादा थी।

इससे करीब 10 दिन पहले नरवाना में खेत में पानी देने गए एक किसान की ठंड की चपेट में आने से मौत हो गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)