देश की खबरें | फरीदाबाद : जिला अदालत की चौथी मंजिल से गिर कर वकील की मौत

फरीदाबाद, तीन सितंबर फरीदाबाद की जिला अदालत की चौथी मंजिल से कथित तौर पर गिर कर मंगलवार को एक वकील की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना आज सुबह करीब साढ़े नौ बजे सेक्टर-12 स्थित जिला अदालत परिसर की है और मृतक की पहचान अजरौंदा गांव के निवासी महेश (50) के रूप में हुई है।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि स्थानीय पुलिस को सुबह घटना के संबंध में सूचना मिली थी जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया।

उन्होंने बताया कि पेशे से वकील महेश आज सादे कपड़ों में ही अदालत पहुंचे थे। घटना की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा चश्मदीदों के बयान लिये जा रहे हैं।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘इसका खुलासा नहीं हुआ है कि महेश ने खुद छलांग लगाई या किसी ने धक्का दिया है।’’

पुलिस ने बताया कि अभी परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)