देश की खबरें | फरीदाबाद : अपराधियों ने एक व्यक्ति की हत्या की, दोस्त को घायल किया

फरीदाबाद (हरियाणा), 10 सितंबर हरियाणा के फरीदाबाद जिले में अपराधियों के एक गिरोह ने हमला कर 21 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या कर दी जबकि उसके दोस्त को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हमले में घायल आलोक चौधरी की दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि उसके घायल मित्र की पहचान शिवम के तौर पर की गई है जिसका इलाज चल रहा है।

मृतक के पिता नवीन कुमार चौधरी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि आलोक चौधरी पर शुक्रवार देर रात फरीदाबाद की पंचशील कॉलोनी में हमला किया गया।

मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले का निवासी नवीन कुमार चौधरी मौजूदा समय में दिल्ली के जैतपुर इलाके में किराए के मकान में रह रहा था।

नवीन चौधरी ने अपनी शिकायत में कहा, ‘‘ मुझे खबर मिली कि मेरे छोटे बेटे आलोक (चौधरी) पर शुक्रवार रात करीब एक बजे चाकू से हमला किया गया है... हमले में उसका दोस्त शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। मेरे बेटे के दोस्त राहुल नेगी ने मुझे उन तीन (लोगों) के नाम बताए जिन्होंने उन पर हमला किया।’’

तहरीर के अनुसार, ‘‘करीब तीन घंटे बाद हमें आलोक (चौधरी) पंचशील कॉलोनी के एक पार्क में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे एम्स में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।’’

पुलिस ने पल्ला पुलिस थाने में यमीन, गुगा , राजा और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 34 (समान मंशा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

पल्ला पुलिस थाने के प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया, ‘‘ आरोपी और पीड़ितों की आपराधिक पृष्ठभूमि है। हम आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रहे हैं और जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लेंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)