देश की खबरें | दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट लाइन का विस्तारित हिस्सा यात्रियों के लिए खुला

नयी दिल्ली, 17 सितंबर दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन का द्वारका सेक्टर-21 से यशोभूमि द्वारका सेक्टर 25 स्टेशन तक का लगभग दो किलोमीटर का विस्तारित हिस्सा आज दोपहर से यात्रियों के लिए खोल दिया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार सुबह इस हिस्से का उद्घाटन किया।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रविवार को एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर मेट्रो ट्रेन की गति को बढ़ाकर 120 किमी प्रति घंटा कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन से नवनिर्मित यशोभूमि द्वारका सेक्टर 25 स्टेशन तक की यात्रा में लगभग 21 मिनट लगेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार सुबह एयरपोर्ट लाइन के इस विस्तार और भारत अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी केंद्र (आईआईसीसी) के पहले चरण का उद्घाटन किया जिसे 'यशोभूमि' नाम दिया गया है।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘नए विस्तारित हिस्से में यात्रियों के लिए मेट्रो ट्रेन की सेवा आज दोपहर तीन बजे से शुरू कर दी गई है। नया खंड जुड़ने से नई दिल्ली से यशोभूमि द्वारका सेक्टर 25 तक एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की कुल लंबाई 24.9 किमी हो गई है।’’

सम्मेलन केंद्र के अलावा यह नया स्टेशन द्वारका सेक्टर-25 के आसपास के लोगों और गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास बसे नए सेक्टर के लोगों के लिए भी मेट्रो कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।

डीएमआरसी ने कहा था कि इस लाइन पर 10 मिनट के अंतराल पर मेट्रो ट्रेन चलेंगी। अधिकारियों ने बताया कि इस लाइन पर मेट्रो ट्रेन की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटा कर दिए जाने से नई दिल्ली और द्वारका सेक्टर 21 तक की यात्रा में 19 मिनट का समय लगेगा, जबकि पहले 22 मिनट लगते थे।

डीएमआरसी ने कहा कि नई दिल्ली और दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-तीन तक की यात्रा लगभग 15 मिनट 30 सेकंड में पूरी हो जाएगी, जबकि पहले 18 मिनट से थोड़ा अधिक समय लगता था।

अधिकारियों बताया कि दिल्ली मेट्रो ने इस साल 22 मार्च को एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर सबसे पहले ट्रेनों की गति 90 से बढ़ाकर 100 किमी प्रति घंटा की थी। इसके बाद 22 जून को इसे और बढ़ाकर 110 किमी प्रति घंटा कर दिया गया। अब रविवार से रफ्तार 120 किमी प्रति घंटा कर दी गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)