हजारीबाग (झारखंड), छह अगस्त झारखंड के हजारीबाग जिला स्थित एक ‘स्पंज आयरन’ संयंत्र की भट्ठी में मंगलवार को विस्फोट हो जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना रांची से करीब 135 किलोमीटर दूर स्थित बरही थाना क्षेत्र में हुई।
बरही थाना प्रभारी चंद्रशेखर कुमार ने घायलों में से एक की बाद में मौत होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि विस्फोट किस कारण से हुआ, इसकी अभी जानकारी नहीं मिल सकी है।
उन्होंने कहा कि अधिकारी इस बारे में जांच कर रहे हैं कि वहां और लोग तो नहीं फंसे हैं।
बरही के अनुमंडल अधिकारी जोहान टुडू ने कहा कि जांच समिति गठित की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस बीच, घटनास्थल का दौरा करने वाले राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह फैक्टरी और श्रम कानूनों का उल्लंघन प्रतीत होता है।
उन्होंने कहा, "सुपरवाइजर समेत कई कर्मचारी बिना सुरक्षा उपकरण के पाये गए। मैंने इस संबंध में उपायुक्त से बात की है और श्रम सचिव से भी इस मुद्दे पर बात करूंगा।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY