देश की खबरें | रेस्तरां सह बार में विस्फोट शायद सिलेंडर फटने से हुआ : गोवा पुलिस

पणजी, 23 जनवरी गोवा के मापुसा में एक रेस्तरां सह बार में हुए विस्फोट के बाद पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर आशंका व्यक्त की है कि धमाका शायद सिलेंडर फटने के कारण हुआ होगा। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, धमाका पणजी से करीब नौ किलोमीटर दूर दांगुई कॉलोनी के एक आवासीय परिसर में स्थित भोजनालय में हुआ। रविवार को तड़के हुए इस विस्फोट में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, ''प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि यह विस्फोट सिलेंडर फटने के कारण हुआ। विस्फोट में कोई घायल नहीं हुआ क्योंकि घटना के समय परिसर में कोई मौजूद नहीं था। फोरेंसिक विशेषज्ञों और बम का पता लगाने तथा उसे निष्क्रिय करने वाले दस्तों की टीमों ने मौके की जांच की है। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।''

पुलिस उपाधीक्षक जिवबा दलवी ने सोमवार को कहा कि जांच की जा रही है जिसके पूरे होने के बाद ही व्यापक जानकारी मिल सकेगी।

गोवा के पुलिस महानिदेशक जसपाल सिंह ने सोमवार को ट्वीट किया, ‘‘एलपीजी गैस विस्फोट की घटना के बारे में कुछ भी संदिग्ध नहीं है। नागरिकों से अफवाहों पर विश्वास नहीं करने का अनुरोध किया गया है। एफएसएल निरीक्षण में सुरक्षा उपायों की कमी का खुलासा हुआ।’’

उन्होंने कहा कि गैस पाइप में दरारें गैस के रिसाव का कारण बनती हैं। डीजीपी ने कहा कि गैस पाइप को साल में कम से कम एक बार बदलने की आवश्यकता होती है, लेकिन छह महीने के बाद बदल दें तो ज्यादा अच्छा रहेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)