देश की खबरें | हिंसा भी भाजपा को बंगाल में पंचायत चुनाव में शानदार प्रदर्शन करने से नहीं रोक सकी : शाह

नयी दिल्ली, 14 जुलाई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदर्शन की सराहना करते हुए शुक्रवार को कहा कि 'रक्तरंजित हिंसा' भी पार्टी को इस चुनाव में शानदार प्रदर्शन करने से नहीं रोक सकी।

शाह ने एक ट्वीट में कहा, "यहां तक कि पश्चिम बंगाल में रक्तरंजित हिंसा भी भाजपा को पंचायत चुनाव में शानदार प्रदर्शन करने से नहीं रोक सकी।"

उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछले चुनाव की तुलना में अपनी सीटों की संख्या लगभग दोगुनी कर ली है, जो लोगों द्वारा दिखाए गए विश्वास में महत्वपूर्ण वृद्धि का संकेत है।

उन्होंने कहा, "यह दिखाता है कि लोगों का स्नेह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा के साथ है। यह निश्चित रूप से पार्टी को लोकसभा और विधानसभा चुनावों में नयी ऊंचाइयों पर ले जाएगा।"

शाह ने भाजपा के इस प्रदर्शन के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी सहित सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद वे पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहे।

भाजपा के वरिष्ठ नेता शाह ने इस जनादेश के लिए पश्चिम बंगाल की जनता का भी आभार जताया।

तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में त्रिस्तरीय पंचायत प्रणाली में सभी 20 जिला परिषद के साथ साथ कुल 928 सीटों में से 880 पर जीत हासिल की, जबकि प्रतिद्वंदी पार्टी भाजपा ने 31 सीटें जीतीं। वहीं, कांग्रेस- वाम मोर्चा गठबंधन ने 15 और अन्य ने दो सीटें अपने नाम कीं।

ग्राम पंचायत की कुल 63,219 सीटों में से 35,000 पर टीएमसी ने जीत दर्ज की। भाजपा ने करीब 10,000, जबकि कांग्रेस-वाम मोर्चा गठबंधन ने 6,000 सीटें जीतीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)