नयी दिल्ली, 10 अगस्त सेवानिवृत्ति कोष निकाय ईपीएफओ ने चालू वित्तवर्ष की अप्रैल-जुलाई अवधि में एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में 13,017 करोड़ रुपये का निवेश किया है। सरकार ने बृहस्पतिवार को संसद को यह जानकारी दी।
श्रम और रोजगार राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में राज्यसभा में कहा कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने वित्तवर्ष 2022-23 में ईटीएफ में 53,081 करोड़ रुपये; वित्तवर्ष 2021-22 में 43,568 करोड़ रुपये और वित्तवर्ष 2020-21 में 32,071 करोड़ रुपये का निवेश किया।
ईपीएफओ ने वित्तवर्ष 2019-20 में ईटीएफ में 31,501 करोड़ रुपये और वित्तवर्ष 2018-19 में 27,974 करोड़ रुपये का निवेश किया।
मंत्री ने सदन को बताया कि ईपीएफओ सरकार द्वारा अधिसूचित निवेश पद्धति के अनुसार धन निवेश करता है और किसी ‘‘ब्लू-चिप’’ कंपनी सहित व्यक्तिगत शेयरों में सीधे निवेश नहीं करता है।
उन्होंने कहा, ‘‘ईपीएफओ बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी 50 सूचकांकों की नकल करते हुए ईटीएफ के माध्यम से इक्विटी बाजार में निवेश करता है। समय-समय पर, ईपीएफओ ने विशेष रूप से निगमित इकाई में भारत सरकार की शेयरधारिता के विनिवेश के लिए बनाए गए ईटीएफ में भी निवेश किया है।’’
ईपीएफओ द्वारा 31 मार्च, 2022 तक प्रबंधित विभिन्न कोषों की कुल राशि 18.30 लाख करोड़ रुपये थी, जिसमें 91.30 प्रतिशत निवेश ऋण निवेश (भारत के सार्वजनिक खाते सहित) में और 8.7 प्रतिशत ईटीएफ में शामिल था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY