चंडीगढ़, 23 मई निर्वाचन आयोग ने आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) का उल्लंघन करने पर जालंधर से कांग्रेस उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी को सख्त चेतावनी जारी की है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी ने पुंछ में आतंकवादी हमले को एक ‘‘चुनावी स्टंट’’ बताया था। इस हमले में भारतीय वायुसेना का एक जवान शहीद हो गया था और चार अन्य घायल हो गए थे।
पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि चन्नी को जालंधर के जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-उपायुक्त ने स्पष्टीकरण देने के लिए कहा था।
प्रवक्ता ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने चन्नी को भविष्य में इस तरह के बयान नहीं देने की सलाह दी है और एमसीसी दिशानिर्देशों का अक्षरश: पालन करने के महत्व पर जोर दिया है।
पुंछ जिले में चार मई को भारतीय वायुसेना के काफिले पर आतंकवादियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में एक वायुसैनिक शहीद हो गया था और चार अन्य घायल हो गए थे।
हमले पर एक सवाल का जवाब देते हुए चन्नी ने कहा था, ‘‘ये स्टंटबाजी हो रही है, हमले नहीं हो रहे। जब भी चुनाव नजदीक आते हैं तो भाजपा को जिताने के लिए ऐसे स्टंट किए जाते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY