देश की खबरें | चुनाव तैयारियों का जायजा लेने के लिए तेलंगाना की यात्रा करेंगे निर्वाचन आयोग के अधिकारी

हैदराबाद, 18 सितंबर निर्वाचन आयोग के “शीर्ष अधिकारियों” की एक टीम तीन अक्टूबर को तेलंगाना की यात्रा कर चुनाव तैयारियों का जायजा लेगी और विभिन्न हितधारकों से बात करेगी।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विकास राज की ओर से सोमवार को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि तीन दिवसीय यात्रा के दौरान टीम राज्य प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय कायम करने के लिए मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ बैठक करेगी।

पहले दिन, टीम राष्ट्रीय और राज्य स्तर के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेगी। इसके बाद, टीम की आगामी चुनावों से संबंधित प्रमुख मामलों पर चर्चा करने के लिए प्रवर्तन एजेंसियों के साथ बैठक होगी।

दूसरे दिन, जमीनी स्तर पर चुनाव तैयारियों के आकलन पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा और तेलंगाना के सभी 33 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक/पुलिस आयुक्त आयोग की टीम के सामने विस्तृत प्रस्तुति देंगे।

अंतिम दिन लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जागरूकता और भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए टीम राज्य के प्रतिष्ठित व्यक्तियों, दिव्यांग व युवा मतदाताओं के साथ बातचीत करेगी।

तेलंगाना में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)