देश की खबरें | दक्षिणी दिल्ली में बुजुर्ग व्यक्ति ने किया आत्मदाह

नयी दिल्ली, सात मई दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार इलाके में 65 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर आत्मदाह कर लिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब पांच बजे तिगरी थाने को सूचना मिली कि संगम विहार के ए ब्लॉक में एक व्यक्ति ने अपने शरीर पर पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसे हुए बुजुर्ग व्यक्ति को अस्पताल ले गई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक पूछताछ के दौरान व्यक्ति की पहचान संगम विहार निवासी सुमेर सिंह के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी के साथ वहीं रह रहा था।

पुलिस अधिकारी के अनुसार घटनास्थल से प्लास्टिक की एक बोतल बरामद की गयी जिसमें पेट्रोल था। इसके अलावा वहां से एक सुसाइड नोट भी मिला जिसमें कहा गया था कि व्यक्ति की मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं था।

दक्षिणी दिल्ली की पुलिस उपायुक्त बेनिता मैरी जयकर ने कहा कि बुजुर्ग व्यक्ति ने खुद ही अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।

पुलिस उपायुक्त के मुताबिक सुमेर सिंह 95 प्रतिशत तक जल गए थे और रात करीब नौ बजे अस्पताल ने पुलिस को उनकी मौत की सूचना दी।

पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के साथ मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)