देश की खबरें | तमिलनाडु में हादसे में सबरीमला के आठ तीर्थयात्रियों की मौत

थेनी (तमिलनाडु), 24 दिसंबर तमिलनाडु के थेनी में एक वाहन के खाई में गिरने से कम से कम आठ यात्रियों की मौत हो गई। ये सभी सबरीमला से लौट रहे थे। जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने व्यक्तियों की मौत पर शोक व्यक्त किया।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि और दुर्घटना में घायल हुए दो व्यक्तियों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की।

जिलाधिकारी के वी मुरलीधरन ने बताया कि यह दुर्घटना शुक्रवार देर रात हुई तथा दो घायलों को यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रशासन के अनुसार ऐसी आशंका है कि पहाड़ी रास्ते में मोड़ पर चालक के वाहन से नियंत्रण खो देने के कारण यह दुर्घटना हुई।

अधिकारी ने बताया कि सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

ये आठों लोग जिले के अंदीपट्टी के रहने वाले थे। ये लोग सबरीमला से लौट रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)