देश की खबरें | राजस्थान के टोंक में पुलिस के आठ कांस्टेबल का तबादला

जयपुर, दो अक्टूबर राजस्थान पुलिस ने टोंक जिले में आठ पुलिस कांस्टेबल के स्थानांतरण के उस आदेश को कुछ घंटों के बाद ही उसे इसलिये वापस ले लिया गया क्योंकि उसमें उनके नाम के आगे उनकी जाति का उल्लेख किया गया था और बाद में नया आदेश जारी किया गया । एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी ।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार को जारी आठ कांस्टेबल के स्थानांतरण आदेश में उनके नाम के आगे उनकी जाति का उल्लेख किया गया था, जिसे बाद में ठीक करके उनके नाम के बाद जाति हटाकर संशोधन के साथ जारी किया गया।

टोंक पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने शनिवार को आठ कांस्टेबल के स्थानांतरण के आदेश जारी किये थे, जारी आदेश में कांस्टेबल के नाम के बाद उनकी जाति का उल्लेख किया गया था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार स्थानांतरण आदेश में जाति का उल्लेख नहीं होता है। जब नाम के आगे जाति लिखे आदेश की आलोचना की गई तो पुलिस अधीक्षक ने तबादला सूची वापस लेने का आदेश जारी कर स्पष्ट किया कि गलती से जाति का उल्लेख किया गया था।

उन्होंने बताया कि इसके बाद संशोधित आदेश जारी किया गया।

त्रिपाठी ने बताया, "पहले आदेश में जाति का स्तंभ (कालम) था। यह एक गलती थी और जानबूझकर नहीं की गई थी। उस आदेश को तुरंत वापस ले लिया गया और एक नया आदेश जारी किया गया।"

उन्होंने कहा कि कांस्टेबल का स्थानांतरण उनके अनुरोध पर किया गया है।"यह सिर्फ एक गलती थी जिसे ठीक कर दिया गया है।"

कुंज

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)