नयी दिल्ली, 29 दिसंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बृहस्पतिवार से प्रभाव में आए आर्थिक सहयोग एवं व्यापार समझौते (ईसीटीए) को दोनों देशों की व्यापक रणनीतिक साझेदारी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण करार दिया और कहा कि इससे व्यापार व आर्थिक संबंधों की विशाल क्षमता के द्वार खुलेंगे तथा दोनों पक्षों के व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने यह टिप्पणी भारत-ऑस्ट्रेलिया आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौता 29, दिसंबर 2022 से लागू होने संबंधी ऑस्ट्रलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस की ओर किए गए एक ट्वीट के जवाब में की।
अल्बनीस ने ट्वीट में कहा, ‘‘आज ऑस्ट्रेलिया-भारत व्यापार समझौता लागू हो गया है। यह ऑस्ट्रेलियाई व्यवसायों को नए अवसर प्रदान करेगा। नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर दोनों देशों के बीच दो-तरफा व्यापार में सुधार के लिए प्रतिबद्ध एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ मार्च में मैं भारत की यात्रा करूंगा।’’
ऑस्ट्रलियाई प्रधानमंत्री के इस ट्वीट को टैग करते हुए मोदी ने लिखा, ‘‘खुशी है कि भारत-ऑस्ट्रेलिया ईसीटीए आज लागू हो रहा है। यह हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। यह हमारे व्यापार और आर्थिक संबंधों की विशाल क्षमता के द्वार खोलेगा और दोनों पक्षों के व्यवसायों को बढ़ावा देगा। जल्द ही भारत में आपका स्वागत करने के लिए उत्सुक हूं।’’
मालूम हो कि दोनों देशों ने इस साल 2 अप्रैल को इस समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इसी साल 21 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया की संसद ने इस समझौते को अपनी मंजूरी दी थी, वहीं भारत में भी इस समझौते को कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है।
दोनों ही देशों के लिहाज से इस समझौते को काफी अहम समझा जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY