देश की खबरें | आर्थिक गलियारा: कृषि भूमि अधिग्रहण के खिलाफ ट्रैक्टर लेकर सड़क पर उतरे किसान

इंदौर, 14 सितंबर मध्यप्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी इंदौर-पीथमपुर आर्थिक गलियारा परियोजना के लिए उपजाऊ कृषि भूमि के अधिग्रहण के खिलाफ कांग्रेस के आह्वान पर बृहस्पतिवार को बड़ी तादाद में किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। किसान 3,200 एकड़ पर प्रस्तावित इस परियोजना का लंबे समय से विरोध कर रहे हैं।

इंदौर शहर में निकाली गई रैली में 16 गांवों के किसान शामिल हुए। प्रदर्शनकारी किसानों ने कहा कि इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण के बदले किसानों को मिलने वाले सरकारी मुआवजे की दर उनकी जमीन के मौजूदा बाजार मूल्य के मुकाबले बेहद कम है और वे इस परियोजना के लिए खेती की उपजाऊ जमीन कतई नहीं देंगे।

किसानों के मुताबिक, ट्रैक्टर रैली का समापन शहर के आईटी पार्क चौराहे पर होना था, लेकिन प्रशासन ने यातायात प्रभावित होने का हवाला देते हुए रैली को इस स्थान से कुछ किलोमीटर पहले ही रोक दिया।

इंदौर के राऊ क्षेत्र के किसान भी आर्थिक गलियारा परियोजना से प्रभावित हो रहे हैं। क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने रैली में कहा,‘‘मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहले ही कह चुके हैं कि राज्यभर में किसानों की मर्जी के बगैर उनकी जमीन अधिग्रहित नहीं की जाएगी। फिर प्रदेश सरकार किसानों के लंबे समय से किए जा रहे विरोध के बावजूद आर्थिक गलियारा विकसित करने को लेकर हठधर्मिता क्यों दिखा रही है?’’

किसानों की ट्रैक्टर रैली में भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास और कांग्रेस के युवा मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया भी शामिल हुए और आर्थिक गलियारा परियोजना की कथित विसंगतियों पर विरोध जताया।

सरकारी अधिकारियों ने बताया इस परियोजना के तहत इंदौर से पीथमपुर के बीच 19.60 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जानी है जिसके दोनों तरफ 300-300 मीटर तक की निजी जमीन और खेतों का अधिग्रहण कर इस जगह को अहम निवेश क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाना है।

अधिकारियों का अनुमान है कि 3,200 एकड़ पर प्रस्तावित इस परियोजना से कम से कम 15,000 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया जा सकेगा जिससे कुल एक लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार हासिल होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)