देश की खबरें | दिल्ली में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश के बाद तापमान में गिरावट
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में शुक्रवार को धूल भरी आंधी और हल्की बारिश के बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला।
नयी दिल्ली, चार जून दिल्ली में शुक्रवार को धूल भरी आंधी और हल्की बारिश के बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला।
गर्मी और आर्द्र मौसम के बीच दिल्ली के लोगों के लिए यह बारिश अपने साथ राहत लेकर आई है। दिल्ली में 2014 के बाद से ऐसा पहली बार हो सकता है, जब यहां लोगों कों गर्मी के मौसम में लू भरी हवाओं का सामना न करना पड़े। अब तक सफदरजंग वेधशाला में लू भरी हवाएं दर्ज नहीं हुई हैं।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस नीचे है। वहीं न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम है।
सफदरजंग वेधशाला के अनुसार शाम पांच बजकर 30 मिनट तक यहां 3.2 मिमी बारिश हुई। इस वेधशाला के आंकड़े को शहर का आधिकारिक आंकड़ा माना जाता है।
वहीं पालम वेधशाला ने अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया। वहीं इसके अनुसार 9.4 मिमी बारिश हुई।
लोधी रोड में 1.6 मिमी बारिश तथा अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली हैं। मौसम वैज्ञानिक ने शनिवार को आसमान में आंशिक बादल छाप रहने और हल्की बारिश तथा गरज के साथ छींटे की संभावना जताई है।
यहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 39 डिग्री सेल्सियस और 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य तापमान से दो डिग्री सेल्सियस कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि इस मौसम के हिसाब से सामान्य तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस कम था।
तेज हवाओं ने दिल्ली की सीमाओं पर तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं।
किसान नेता गुरमीत मेहमा ने कहा, ‘ करीब 100 तंबू को आंधी और बारिश की वजह से क्षति पुहंची है। प्रदर्शनकारी किसान ट्रॉली में रात बिताएंगे और कल सुबह फिर से तंबू तनेंगे।’’
वहीं एक अन्य किसान नेता सरवर सिंह पंढेर ने कहा कि खाद्य सामग्रियों को भी इससे नुक़सान हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर हर बार ऐसा होता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 04, 2021 09:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

