नयी दिल्ली, 18 सितंबर दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के कुलपति योगेश सिंह ने 22 सितंबर को होने वाले छात्र संघ चुनाव के लिए सुरक्षा उपायों सहित व्यवस्थाओं की समीक्षा के वास्ते सोमवार को एक बैठक की अध्यक्षता की।
डीयू की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, कुलपति ने चुनाव पूर्व स्थिति का जायजा लिया और विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कॉलेज प्राचार्यों, सभागारों और छात्रावासों के प्रोवोस्ट और पुलिस अधिकारियों के साथ चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की।
बयान में कहा गया कि कुलपति ने सभी से यह सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ने को कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के चुनाव सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों।
डूसू के मुख्य चुनाव अधिकारी चंद्रशेखर ने कहा कि कॉलेज के चुनाव मतपत्र के जरिए होंगे, जबकि डूसू के लिए मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के जरिए होगा।
दिल्ली विश्वविद्यालय में चार साल के अंतराल के बाद 22 सितंबर को चुनाव होगा। इससे पहले चुनाव 2019 में हुआ था।
कोविड-19 महामारी के कारण 2020 और 2021 में छात्र संघ चुनाव नहीं हो सके, जबकि शैक्षणिक कैलेंडर में संभावित व्यवधान के कारण 2022 में चुनाव नहीं हो सका।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY