देश की खबरें | ‘इन्फ्लूएंसर’ ओरी समेत आठ लोगों पर वैष्णो देवी यात्रा के आधार शिविर में ‘‘शराब पीने’’ का मामला दर्ज

जम्मू, 17 मार्च सोशल मीडिया ‘इन्फ्लूएंसर’ ओरहान अवत्रामणि उर्फ ​​ओरी सहित आठ लोगों के खिलाफ रियासी जिले में माता वैष्णो देवी तीर्थयात्रा के आधार शिविर कटरा के एक होटल में शराब पीने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

ओरी की इस हरकत से लोगों में तीव्र आक्रोश फैल गया तथा भाजपा और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के विधायकों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बयान में बताया कि आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और ‘‘लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने’’ के कारण उन्हें पकड़ने के लिए एक टीम गठित की गई है।

कटरा पुलिस थाने को 15 मार्च को शिकायत मिली थी कि एक होटल में ठहरे कुछ मेहमान नियमों का उल्लंघन करते हुए परिसर में शराब पीते पाए गए। इसके बाद आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने शिकायत का हवाला देते हुए कहा, ‘‘ओरहान अवत्रामणि, दर्शन सिंह, पार्थ रैना, रितिक सिंह, राशि दत्ता, रक्षिता भोगल, शगुन कोहली और अनास्तासिला अर्जामस्कीना ने होटल परिसर में शराब पी जबकि उन्हें बताया गया था कि माता वैष्णो देवी मंदिर के निकट होने के कारण होटल के अंदर शराब पीना और मांसाहारी भोजन करना वर्जित है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘रियासी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमवीर सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को पकड़ने और धार्मिक स्थल पर ऐसे किसी भी कृत्य को कतई बर्दाश्त नहीं करने का उदाहरण स्थापित करने के निर्देश जारी किए, जिससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है।’’

ओरहान अवत्रामणि को ओरी के नाम से जाना जाता है और वह एक सोशल मीडिया ‘इन्फ्लूएंसर’ हैं, जो कई बॉलीवुड सितारों के साथ अपनी दोस्ती के लिए जाने जाते हैं।

विधानसभा के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने ओरी और उनके दोस्तों के इस कृत्य की निंदा की और विश्वास जताया कि पुलिस उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करेगी।

भाजपा विधायक बलदेव शर्मा, बलवंत सिंह मनकोटिया, विक्रम रंधावा और देविंदर कुमार मन्याल ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि शहर में मांस और शराब का सेवन प्रतिबंधित है।

श्री माता वैष्णो देवी विधायक बलदेव शर्मा ने कहा, "यह एक निंदनीय कृत्य है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा... पुलिस को सुरक्षा कड़ी करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई भी व्यक्ति पवित्र शहर के अंदर शराब की बोतलें नहीं ले जा सके।"

मनकोटिया ने कहा, "...यह समझ में नहीं आता कि वह पिकनिक मनाने आया था या तीर्थयात्रा पर। इस तरह से कानून का उल्लंघन करने की किसी के पास कोई गुंजाइश नहीं है।"

पीडीपी विधायक वहीद उर रहमान पारा ने कहा कि वैष्णो देवी कोई पर्यटक स्थल नहीं है और वहां आने वाले लोगों को यह ध्यान रखना चाहिए कि उनके कार्यों से लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे।

पीडीपी प्रवक्ता मोहित भान ने भी अपना गुस्सा जाहिर किया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)