विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश), सात जनवरी केंद्रीय एजेंसी राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने यहां दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 1.86 किलोग्राम सोना जब्त किया है। डीआरआई ने शनिवार को यह जानकारी दी।
डीआरआई के मुताबिक, इस सोने को कथित तौर पर बांग्लादेश से तस्करी कर लाया गया था।
डीआरआई ने एक विज्ञप्ति में कहा कि विशाखापत्तनम क्षेत्रीय इकाई-2 के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार तड़के दो व्यक्तियों को रोका, जिनमें से एक कोलकाता से आया था और उनके पास से 1.07 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त किया।
देश की सर्वोच्च तस्करी रोधी एजेंसी ने कहा, ‘‘सोने की दुकान के मालिक के आवास पर और तलाशी ली गई, जहां कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिली।’’
डीआरआई ने एक बयान में कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि तस्करी का सोना बांग्लादेश से भेजा जाता है और इसके बाद आगे की आपूर्ति के लिए कोलकाता में पिघलाया जाता है और उसे विभिन्न आकार के सोने की छड़ों/टुकड़ों में बदला जाता है।’’
गिरफ्तार किए गए लोगों पर सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया और उन्हें विशाखापत्तनम केंद्रीय कारागार में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस मामले की विस्तृत जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY