नयी दिल्ली, 21 सितंबर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मुंबई, पटना और दिल्ली से 33 करोड़ रुपये से अधिक का सोना जब्त किया है।
डीआरआई की ओर से बुधवार को जारी एक आधिकारिक वक्तव्य के मुताबिक यह सोना पड़ोसी देशों से तस्करी के जरिए लाया गया था।
डीआरआई के बयान के मुताबिक विशिष्ट खुफिया जानकारी से पता चला कि एक गिरोह सक्रिय रूप से आपूर्ति श्रृंखला और रसद कंपनी की घरेलू कूरियर खेप के जरिए मिजोरम से विदेशी सोने की तस्करी की योजना बना रहा है।
बयान के अनुसार महत्वपूर्ण बरामदगी के क्रम को जारी रखते हुए डीआरआई ने लगभग 65.46 किलोग्राम वजन की विदेशी सोने की 394 छड़ें जब्त कीं।
जब्त किए गए सोने की कीमत कुल 33.40 करोड़ रुपये मूल्य बताई जा रही है। सोने को पड़ोसी उत्तर-पूर्वी देशों से तस्करी कर लाया जा रहा था।
निषिद्ध व्यापार पर रोक लगाने के लिए डीआरआई द्वारा ‘‘ऑपरेशन गोल्ड रश’’ शुरू किया गया था और मुंबई ले जाए जा रहे ‘‘व्यक्तिगत सामान’ की एक विशेष खेप को रोक दिया गया था।
वित्त मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक महाराष्ट्र के भिवंडी में 19 सितंबर को इस खेप की जांच में लगभग 19.93 किलोग्राम वजन और 10.18 करोड़ रुपये के विदेशी सोने के 120 बिस्कुट बरामद किए गए।
आगे के विश्लेषण और जांच से पता चला कि ऐसी दो और खेप मुंबई ले जाई जा रही है जिन्हें एक ही कंसाइनर द्वारा एक ही जगह से एक ही मनुष्य को भेजा गया है। और इसे उसी लॉजिस्टिक्स कंपनी के माध्यम से भेजा जा रहा था। फिर इन खेपों के स्थान का पता लगाया गया।
सोने की दूसरी खेप बिहार में थी और उसे वहीं पकड़ा गया था। उस लॉजिस्टिक्स कंपनी के गोदाम की जांच करने पर सोने की 172 विदेशी छड़ें बरामद हुईं, जिनका वजन लगभग 28.57 किलोग्राम था और जिनकी कीमत लगभग 14.50 करोड़ रुपये थी।
इसी तरह, तीसरी खेप को उस लॉजिस्टिक्स कंपनी के दिल्ली स्थित केंद्र में पकड़ा गया और जांच की गई, जिसके नतीजतन लगभग 16.96 किलोग्राम वजन और लगभग 8.69 करोड़ रुपये मूल्य की 102 सोने की छड़ें बरामद हुईं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY