देश की खबरें | द्रौपदी मुर्मू ने आंध्र के दलों से राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन करने का अनुरोध किया

अमरावती, 12 जुलाई सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने अपने चुनाव अभियान के तहत मंगलवार को यहां आंध्रप्रदेश के सत्तारूढ़ दल वाईएसआर कांग्रेस के सांसदों एवं विधायकों से भेंट की और उनसे ‘समर्थन करने’ का अनुरोध किया।

केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी के साथ मुर्मू दोपहर यहां पहुंचीं और वह ताडेपल्ली में मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहनरेड्डी के निवास पर गयीं । मुख्यमंत्री ने उनके सम्मान में जलपान कार्यक्रम आयोजित किया।

इसके बाद वह सत्तारूढ़ दल के सांसदों एवं विधायकों के साथ बैठक के लिए मंगलागिरि में सी के कन्वेंशन सेंटर पहुंची।

मुर्मू ने तेलुगू में ‘अंडारिकी नमस्कारालू’ कहकर अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने आंध्रप्रदेश के ‘वैभवशाली इतिहास, उसके कवियों, योद्धाओं, स्वतंत्रता सेनानियों का उल्लेख करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। ’ उन्होंने कहा, ‘‘ आंध्रप्रदेश का वैभवशाली अतीत और संभावनाओं से भरा वर्तमान है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं ओडिशा के मयूरभंज जिले के एक सुदूर गांव की आदिवासी महिला हूं। आंधप्रदेश एवं ओडिशा पडोसी हैं और उनके खान-पान की आदतों, परिधान एवं रीति-रिवाजों में काफी साम्यताएं हैं। मैं संथाल समुदाय से आती हूं जो भारत की बड़ी जनजातियों में एक है।’’

उन्होंने कहा कि उनकी उम्मीदवारी ‘‘सामाजिक न्याय एवं महिला सशक्तिकरण की प्रस्तुति’’ है। उन्होंने कहा, ‘‘ मैं आप सभी से हमारी आजादी के 75 वें वर्ष में देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर अपनी इस बहन को देखने के लिए समर्थन देने का अनुरोध करती हूं।...’’

वाईएसआर कांग्रेस के 31 सांसद और 151 विधायक हैं और पार्टी ने 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिये मुर्मू के समर्थन की घोषणा की है।

बाद में मुर्मू तेलुगु देशम पार्टी के मुख्यालय गयीं जहां पूर्व मुख्यमंत्री एनचंद्रबाबू नायडू ने उनका स्वागत किया। उन्होंने अपनी पार्टी के सांसदों एवं विधायकों का उनसे परिचय कराया। नायडू ने कहा कि राष्ट्रपति पद के लिए उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करना उनके लिए गर्व की बात है। नायडू ने मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार चुनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया।

विपक्षी तेलुगु देशम पार्टी के चार सांसद और 23 विधायक हैं। उसने भी राजग उम्मीदवार के समर्थन का ऐलान किया है। जनसेना के एक मात्र विधायक ने भी मुर्मू को समर्थन देने का फैसला किया है। ऐसे में आंध्र प्रदेश से सभी मत मुर्मू को मिलेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)