देश की खबरें | द्रौपदी मुर्मू ने की सिक्किम के विधायकों से मुलाकात, राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन मांगा

गंगटोक/सिलीगुड़ी, 11 जुलाई राष्ट्रपति पद की राजग की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार शाम सिक्किम के विधायकों से मुलाकात कर 18 जुलाई को होने वाले चुनाव के लिए उनका समर्थन मांगा।

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ मुर्मू एक विशेष विमान से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी के बागडोगरा हवाई अड्डे पर उतरीं।

सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने हवाई अड्डे पर मुर्मू की अगवानी की।

वहां से, वह शहर के दागापुर क्षेत्र के पास स्थित एक होटल में राजग के सभी 31 विधायकों- सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) के 19 और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 12 विधायकों से मिलने पहुंचीं।

बंद कमरे में हुई बैठक में सिक्किम से लोकसभा सदस्य इंद्रा हांग सुब्बा और राज्यसभा सदस्य हिशी लाचुंगपा की भी मौजूदगी रही। दार्जिलिंग से भाजपा सांसद राजू बिस्टा ने भी बैठक में भाग लिया।

एसडीएफ के अध्यक्ष और एकमात्र विपक्षी विधायक पवन कुमार चामलिंग बैठक में नहीं थे, हालांकि वह पहले ही मुर्मू को समर्थन देने का वादा कर चुके हैं।

सिक्किम में सत्तारूढ़ एसकेएम ने कहा कि मुर्मू अपने व्यस्त कार्यक्रम के कारण राज्य का दौरा नहीं कर सकीं।

एसकेएम के नेता जैकब खलिंग ने कहा, "सिलीगुड़ी से सड़क मार्ग से सिक्किम पहुंचने में उन्हें कुछ घंटे लगते। खराब मौसम के कारण विमान से भी यात्रा नहीं की जा सकी।"

भाजपा की सिक्किम इकाई के अध्यक्ष डी बहादुर चौहान ने कहा कि मुर्मू ने विधायकों से वादा किया कि वह चुनाव जीतने के बाद राज्य के लोगों से मिलने आएंगी।

मुख्यमंत्री के प्रेस सचिव बिकाश बासनेट ने कहा, "यह पहली बार है जब राष्ट्रपति पद के किसी उम्मीदवार ने समर्थन मांगने के लिए सिक्किम के विधायकों के साथ बैठक की है।"

मुर्मू के सम्मान में सिलीगुड़ी में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लेपचा, भूटिया और नेपाली समुदाय के लोगों ने भाग लिया।

मुर्मू सिलीगुड़ी में बैठक के बाद कोलकाता के लिए रवाना हो गईं। कोलकाता में वह पश्चिम बंगाल के विधायकों से मुलाकात कर राष्ट्रपति चुनाव में अपने लिए उनका समर्थन मांगेंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)