श्रीनगर, आठ जून डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) ने मुफ्त राशन वितरण बंद करने, महंगाई और संपत्ति कर के मुद्दों पर बृहस्पतिवार को प्रशासन के खिलाफ यहां विरोध-प्रदर्शन किया।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद नीत पार्टी के कई नेता तथा कार्यकर्ता शहर के सोनावर इलाके में डीपीएपी मुख्यालय में एकत्रित हुए और संभागीय आयुक्त, कश्मीर के कार्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की। हालांकि, उन्हें पुलिस ने राम मुंशी बाग के पास रोक दिया और आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी।
डीपीएपी की कश्मीर इकाई के कार्यवाहक अध्यक्ष मोहम्मद अमीन भट ने पत्रकारों को बताया कि पार्टी ने कश्मीर के संभागीय आयुक्त कार्यालय तक मार्च निकालने की अनुमति मांगी थी, लेकिन उन्हें अनुमति नहीं दी गई।
भट ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ लोगों को राशन नहीं मिल रहा है। हम चाहते हैं कि लोगों को अतिरिक्त राशन दिया जाए। जरूरी चीजों के दाम बढ़ गए हैं। बेरोजगारी बढ़ रही है। हम इन सभी के खिलाफ विरोध कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि पार्टी संपत्ति कर को लेकर भी विरोध कर रही है, जिसे सरकार कुछ दिन बाद वसूल करना शुरू करेगी।
भट ने जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराने की मांग की, ताकि एक निर्वाचित सरकार इन मुद्दों का समाधान कर सके।
उन्होंने कहा, ‘‘ हम निर्वाचन आयोग से यहां विधानसभा चुनाव कराने की अपील करते हैं। एक निर्वाचित सरकार इन मुद्दों पर फैसला करे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY