नयी दिल्ली, 14 अगस्त दक्षिणी दिल्ली के हौजखास में एक घर से 49 लाख रुपये की चोरी के मामले में 28 वर्षीय घरेलू सहायिका और उसके मित्र को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अंकित चौहान के अनुसार, चोरी सात अगस्त को हुई थी और अगले दिन हौजखास थाने में मामला दर्ज किया गया था।
जांच के तहत पुलिस घरेलू सहायिका से पूछताछ करना चाहती थी लेकिन वह फरार थी और उसका फोन बंद था। पुलिस ने सुराग जुटाने के लिए घर के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली।
चौहान ने कहा, “महत्वपूर्ण सुराग हासिल करने के लिए अंतरराज्यीय मुखबिरों के पास घरेलू सहायिका की तस्वीर भेजी गई। संदिग्ध स्थानों पर छापे मारे गए, लेकिन वह फरार ही मिली।”
पुलिस ने जब उसकी कॉल रिकॉर्ड की पड़ताल की तो पता चला कि उसने बार-बार मुबारिक नामक व्यक्ति को फोन किया था।
पुलिस को मुबारिक और घरेलू सहायिका के हरियाणा में होने का पता चला।
पुलिस उपायुक्त ने कहा, “उसकी लोकेशन पानीपत थी। टीम ने पानीपत में छापा मारा। उसने अपराध स्वीकार कर लिया। टीम ने उसके पास से चोरी हुई नकदी बरामद कर ली है।”
जांच के दौरान महिला ने बताया कि वह अपनी पति की मौत के बाद से शाहपुर जट में किराए के मकान में 34 वर्षीय मुबारिक के साथ रह रही थी।
महिला ने कहा कि वह बीते एक साल से संबंधित घर में रसोइये के तौर पर काम कर रही थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY