पटना/नयी दिल्ली, एक अगस्त बिहार पुलिस के प्रमुख ने शनिवार को कहा कि राज्य पुलिस अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती का पता नहीं लगा पा रही है जिनका नाम राजपूत की मौत के मामले में दर्ज प्राथमिकी में है, वहीं पटना से जांच मुंबई स्थानांतरित कराने की रिया की याचिका पर उच्चतम न्यायालय में पांच अगस्त को सुनवाई होगी।
बिहार पुलिस की चार सदस्यीय टीम रिया चक्रवर्ती (28) और छह अन्य के खिलाफ पटना में दर्ज प्राथमिकी की जांच के सिलसिले में बुधवार से मुंबई में है। राजपूत के पिता कृष्ण कुमार सिंह (74) ने अपने बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने की शिकायत मंगलवार को दर्ज कराई थी।
यह भी पढ़े | असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार, 10.63 लाख लोग प्रभावित : 1 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य सरकार और महाराष्ट्र सरकार के बीच राजपूत की मौत के मामले में जांच को लेकर तनातनी चल रही है, इस बीच भाजपा नेता और बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा।
उन्होंने हिंदी में ट्वीट करके आरोप लगाया, ‘‘उद्धव ठाकरे कांग्रेस-पोषित बॉलीवुड माफिया के दबाव में हैं, इसलिए सुशांत मामले में जिम्मेदार सभी तत्वों को बचाने पर तुले हैं। कांग्रेस बिहार की जनता को क्या मुँह दिखायेगी?’’
यह भी पढ़े | असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार, 10.63 लाख लोग प्रभावित.
सुशील मोदी ने कहा, ‘‘राज्य सरकार सुशांत को न्याय दिलाने के लिए किसी भी हद तक जाएगी।’’
ठाकरे ने शुक्रवार को कहा था कि वह अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले की जांच करने में मुंबई पुलिस की दक्षता पर सवाल उठाये जाने की कोशिशों की निंदा करते हैं।
बिहार के पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडेय ने कहा कि राज्य पुलिस को अभी तक रिया चक्रवर्ती का पता नहीं चला है।
पुलिस दल में शामिल एक सदस्य ने आज दिन में मुंबई में कहा था कि अभिनेत्री पर पुलिस की ‘नजर’ है।
पांडेय ने पटना में मीडियाकर्मियों के प्रश्नों के उत्तर में कहा, ‘‘हम उनका (रिया का) पता नहीं लगा पा रहे। हम उन्हें खोजने की कोशिश कर रहे हैं।’’
उनसे पूछा गया था कि क्या बिहार पुलिस ने रिया से मिलने और बात करने के लिए उन्हें कोई नोटिस भेजा है।
जब डीजीपी से पूछा गया कि क्या रिया के खिलाफ कोई लुकआउट नोटिस जारी किया गया है या बिहार पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है तो उन्होंने कहा, ‘‘यह जांच का शुरुआती स्तर है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं जांच के बारे में आपको सबकुछ नहीं बता सकता। लेकिन हम सुशांत सिंह राजपूत को न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे जो न केवल बिहार के बल्कि हिंदुस्तान के बेटे थे। पूरे देश की भावनाएं और संवेदनाएं उनके साथ हैं।’’
मामले की सीबीआई जांच की बढ़ती मांग के बीच पांडेय ने भी कहा कि जब राज्य पुलिस मामले में जांच करने में पूरी तरह सक्षम है तो केंद्रीय एजेंसी से जांच की मांग क्यों की जाए।
हालांकि उन्होंने कहा कि अगर राजपूत के पिता बिहार पुलिस की जांच से असंतुष्ट रहते हैं तो वह सीबीआई जांच के लिए कह सकते हैं।
पटना में बिहार के जल संसाधन मंत्री और नीतीश कुमार के करीबी संजय कुमार झा ने कहा कि मुख्यमंत्री और उनकी सरकार अभिनेता के परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और उसके लिए हर तरह के कदम उठाए जाएंगे।
झा ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘अगर राजपूत का परिवार सीबीआई जांच की मांग करता है तो मुख्यमंत्री निश्चित रूप से कार्रवाई करेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY