देश की खबरें | महात्मा गांधी पर अपमानजनक टिप्पणी मामला: अब ठाणे पुलिस ने कालीचरण महाराज को किया गिरफ्तार

ठाणे (महाराष्ट्र), 20 जनवरी महाराष्ट्र के ठाणे शहर की पुलिस ने महात्मा गांधी के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी को लेकर यहां दर्ज एक मामले में हिंदू धर्मगुरु कालीचरण महाराज को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

इससे पहले, पिछले साल 26 दिसंबर को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में महात्मा गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करने के आरोप में रायपुर पुलिस ने कालीचरण महाराज को गिरफ्तार किया था। वहीं, 12 जनवरी को महाराष्ट्र के वर्धा की पुलिस ने उन्हें इसी तरह के एक मामले में गिरफ्तार किया था।

नौपाड़ा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपिता के खिलाफ कथित टिप्पणी को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता एवं महाराष्ट्र के मंत्री जितेंद्र अव्हाड की शिकायत के आधार पर ? दर्ज मामले में रायपुर से कालीचरण महाराज को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि नौपाड़ा थाने की आठ-सदस्यीय टीम ने रायपुर जाकर कालीचरण महाराज को गिरफ्तार किया।

उन्होंने कहा, ‘‘क्योंकि वह वहां एक जेल में बंद हैं, नौपाड़ा पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद उन्हें रायपुर की द्वारका अदालत में पेश किया गया। वहां की अदालत ने आरोपी को एक दिन की ट्रांजिट रिमांड की अनुमति दी।’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘नौपाड़ा पुलिस की टीम आज शाम उन्हें लेकर ठाणे शहर पहुंचेगी और शुक्रवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। अगर यहां की अदालत उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजती है तो पुलिस टीम उन्हें फिर से रायपुर ले जाएगी।’’

कालीचरण महाराज को रायपुर पुलिस ने राष्ट्रपिता के खिलाफ उनकी कथित अपमानजनक टिप्पणियों के लिए गिरफ्तार किया था।

इससे पहले, पुणे पुलिस ने भी 19 दिसंबर 2021 को वहां आयोजित ‘शिव प्रताप दिन’ कार्यक्रम में कथित रूप से भड़काऊ भाषण के मामले में कालीचरण महाराज को गिरफ्तार किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)